Tuesday, April 10, 2012

समाजवादी पार्टी की सरकार की एक झलक


इलाहाबाद
उत्तर प्रदेश के युवा मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के सूबे में कानून-व्यवस्था को चुस्त-दुरूस्त बनाए रखने के वादे की धज्जियां उन्हीं की पार्टी के लोग उड़ा रहे हैं। आलम ये है कि प्रदेश में सपाईयों की गुंडई थमने का नाम नहीं ले रही है। ताजा मामला इलाहाबाद के मेजा का है। यहां सपाईयों ने थाने में घुसकर जबरन बंदियों को छुड़ा लिया और जब थानेदार ने इसका विरोध किया तो दरोगा और सिपाही को जमकर पीटा गया। दारोगा की तहरीर पर सपा के 21 लोगों सहित लगभग 50 के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। वहीं सपा कार्यकर्ताओं ने भी दरोगा द्वारा उत्पीड़न किए जाने को लेकर मामला दर्ज कराया है।
प्राप्त जानकारी के मुताबिक मेजा थाना क्षेत्र के गांव हुल्का निवासी विजय कुमार शुक्ला और उनके चचेरे भाई राजेश शुक्ला के परिजनों से जमीन को लेकर रविवार को विवाद हो गया। दोनों ओर से हवाई फायरिंग भी हुई। मौके पर पहुंचे थानाध्यक्ष रामचंद्र दीक्षित एक पक्ष से राजेश, उनके भतीजे राज, पवन तथा दूसरे पक्ष से अजय एवं विजय को थाने ले आए। थाने में अजय की तहरीर पर राजेश समेत उनके दोनों भतीजों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उनको हवालात में डाल दिया गया।
इसके बाद देर रात करीब साढ़े ग्यारह बजे सपा के दर्जन भर लोग थाने पहुंच गए और तैनात मुंशी राजेंद्र मिश्रा एवं मुन्नी लाल से विवाद कर बैठे। देखते ही देखते सैकड़ों सपाई जमा हो गए और हवालात की चाबी छीनकर अजय एवं विजय को बाहर निकाल लिया। इस दौरान दारोगा आद्या प्रसाद पांडेय ने विरोध किया, तो उनकी जमकर पिटाई कर दी और थाना परिसर में घंटों हंगामा किया।
घटनास्थल पर मौजूद लोगों की मानें तो सपाईयों ने थानेदार रामचंद्र दीक्षित, दरोगा एपी पांडेय सहित कई पुलिस कर्मियों को पीट दिया गया। इसके बाद वायरलेस सेट घनघनाने लगे। सपाई पुलिस के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने को लेकर धरने पर बैठ गए। रात करीब तीन बजे एसपी सर्वेश राणा थाने पहुंचे। मामले में दारोगा की तहरीर पर एक दर्जन धाराओं में सपा नेता लल्लन सिंह सहित 21 लोगों के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज कराई गई।
अधिक जानकारी के यहाँ दिये गए लिंक पर  क्लिक करें http://www.bhadas4police.com/uttar-pradesh-up-police-cm-akhilesh-yadav-allahabad-police-news.html 

No comments:

Post a Comment